हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के अजमेर स्थित तारागढ़ में नमाज़े जुमा के ख़ुत्बे के दौरान इमामे जुमा हुज्जतुल इस्लाम मौलाना सय्यद नक़ी महदी ज़ैदी ने हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) के ऐतिहासिक ख़ुत्बा-ए-फ़दकिया की व्याख्या करते हुए कहा कि यह ख़ुत्बा केवल किसी आर्थिक या राजनीतिक अधिकार की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें तौहीद, नबूवत, क़ुरआन की प्रमाणिकता, अहकाम की हिकमत, विलायत-ए-अहलेबैत (अ), सामाजिक न्याय और समाज सुधार जैसे इस्लाम के बुनियादी विषयों को व्यापक रूप से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि ख़ुत्बा-ए-फ़दकिया इस्लामी अक़ायद, निज़ाम ए हयात, अख़लाक़ीयात और तरबीयती उसूलो का एक अज़ीम मंशूर है। इस अवसर पर उन्होंने आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (र.) के निधन पर भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनकी इल्मी, फ़िक़ही और क़ुरआनी सेवाओं को याद किया।
मौलाना सय्यद नक़ी महदी ज़ैदी ने कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने रसूलुल्लाह (स) के निधन के बाद मस्जिदे नबवी में यह ऐतिहासिक और प्रभावशाली ख़ुत्बा दिया था। इसमें तौहीद, नबूवत, क़ुरआन की प्रमाणिकता, अहकाम का दर्शन, विलायत-ए-अहलेबैत (अ), पैग़म्बरों की विरासत, सामाजिक न्याय और सत्य के समर्थन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को एक साथ बयान किया गया है।
उन्होंने कहा कि ख़ुत्बा-ए-फ़दकिया का आरंभ अल्लाह की हम्द, शुक्र और तौहीद के बयान से होता है। इसमें कायनात के पैदा करने वाले की अनगिनत नेमतों और उसके हर प्रकार के ऐब और समानता से पाक होने को स्पष्ट किया गया है। हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने फ़रमाया:
“अल्हम्दु लिल्लाहि अला मा अनअम, व लहूश शुक्रु अला मा अलहम... अल-मुम्तनिउ अनिल अब्सारि रुउयतुहू, व मिनल अल्सुनि सिफ़तुहू, व मिनल औहामि कैफ़िय्यतुहू।”
तमाम प्रशंसाएं अल्लाह के लिए हैं, उन नेमतों पर जो उसने प्रदान कीं और उस मार्गदर्शन पर उसी का शुक्र है, जो उसने अता किया। वह ऐसी महान ज़ात है, जिसे आंखें देख नहीं सकतीं, ज़बानें उसकी वास्तविक विशेषताओं का पूर्ण वर्णन नहीं कर सकतीं और इंसानी कल्पना उसकी कैफ़ियत तक नहीं पहुंच सकती।
मौलाना ने कहा कि पैग़म्बरे इस्लाम (स) की बेअसत से पहले समाज में अत्याचार, असुरक्षा और वैचारिक अंधकार व्याप्त था। रसूलुल्लाह (स) ने हक़ और हिदायत के माध्यम से समाज की इस स्थिति को बदला और दीन को मज़बूत बुनियादों पर स्थापित किया।
ख़ुत्बा-ए-फ़दकिया में इबादतों की हिकमत और उनके उद्देश्य
मौलाना सय्यद नक़ी महदी ज़ैदी ने ख़ुत्बा-ए-फ़दकिया की रोशनी में इस्लामी अहकाम और इबादतों के दर्शन को स्पष्ट करते हुए कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने इरशाद फ़रमाया:
“फ़जअलल्लाहुल ईमान ततीहरन लकुम मिनश शिर्क, वस्सलाता तन्ज़ीहन लकुम अनिल किब्र, वज़्ज़काता तज़कियतन लिन्नफ़्सि व नमा अन फ़िर्रिज़्क़, वस्सियामा तस्बीतन लिल इख़्लास।”
अल्लाह ने ईमान को तुम्हारे लिए शिर्क से पाक होने का ज़रिया, नमाज़ को तकब्बुर से दूर रहने का माध्यम, ज़कात को आत्मशुद्धि और रोज़ी में वृद्धि का कारण तथा रोज़े को इख़्लास मज़बूत करने का साधन बनाया है।
उन्होंने कहा कि इस कथन से स्पष्ट होता है कि प्रत्येक इबादत इंसान के भीतर मौजूद किसी न किसी कमज़ोरी का उपचार करती है। ईमान इंसान को शिर्क की गंदगी से पाक करता है, नमाज़ घमंड और तकब्बुर को समाप्त करती है, ज़कात बुख़्ल और लालच से निजात दिलाकर माल में बरकत का कारण बनती है, जबकि रोज़ा इंसान के भीतर इख़्लास और आत्मसंयम को मज़बूत करता है।
उन्होंने आगे कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने व्यक्तिगत इबादतों के साथ-साथ सामाजिक न्याय, रिश्तेदारों के अधिकार और समाज सुधार से जुड़े अहकाम की हिकमत भी बयान फ़रमाई है। आपने इरशाद फ़रमाया:
“वल-अद्ल तन्सीक़न लिल क़ुलूब, व सिलतल अरहामि मन्सअतन फ़िल उमुरि, व मनमातन लिल अदद... वल-अम्र बिल-मअरूफ़ि मसलिहतन लिल-आम्मह।”
न्याय को दिलों में सामंजस्य पैदा करने का माध्यम, रिश्तेदारों से अच्छे संबंध बनाए रखने को उम्र में बरकत और संख्या में वृद्धि का कारण तथा नेकी का आदेश देने को आम लोगों की भलाई का ज़रिया बनाया गया है।
मौलाना ने कहा कि सामाजिक एकता और शांति का आधार न्याय, रिश्तों का सम्मान और सामूहिक सुधार है। अम्र बिल मारूफ़ और नहीं अनिल मुन्कर केवल व्यक्तिगत धार्मिक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा ज़िम्मेदारी है, ताकि बुराई को फैलने से रोका जा सके।
अहलेबैत (अ) की इताअत और इमामत उम्मत की एकता का आधार
मौलाना नक़ी महदी ज़ैदी ने कहा कि ख़ुत्बा-ए-फ़दकिया में अहलेबैत (अ) की इताअत और इमामत को उम्मत की व्यवस्था और आपसी मतभेदों से सुरक्षा का माध्यम बताया गया है। हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) ने फ़रमाया:
“व ताअतना निज़ामन लिल-मिल्लति, व इमामतना अमानन मिनल फ़ुर्क़ति।”
हमारी इताअत को उम्मत की व्यवस्था और हमारी इमामत को बिखराव से सुरक्षा का माध्यम बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस कथन के अनुसार, दीन की वास्तविक रहनुमाई और वैचारिक एवं व्यावहारिक एकता अहलेबैत (अ) से जुड़े रहने में निहित है। उनसे दूरी उम्मत को मतभेद और बिखराव की ओर ले जाती है।
आयतुल्लाह वहीद ख़ुरासानी (र.) की इल्मी सेवाओं को किया याद
इमामे जुमा तारागढ़, अजमेर ने आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (र.) की इल्मी शख़्सियत का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने मात्र 27 वर्ष की आयु में इज्तिहाद का उच्च स्थान प्राप्त कर लिया था। उन्होंने नजफ़ अशरफ़ में आयतुल्लाह सैयद अब्दुलहादी शीराज़ी (र.), आयतुल्लाह सय्यद मोहसिन हकीम (र.) और आयतुल्लाह सैयद अबुल क़ासिम ख़ुई (र.) जैसे महान विद्वानों से शिक्षा प्राप्त की। इसी दौरान उन्होंने अध्यापन और विद्यार्थियों के प्रशिक्षण का सिलसिला भी जारी रखा।
मौलाना ने कहा कि आयतुल्लाह वहीद ख़ुरासानी (र.) की शख़्सियत केवल फ़िक़्ह और उसूले फ़िक़्ह के इल्मी मक़ाम तक सीमित नहीं थी, बल्कि क़ुरआन से गहरा संबंध और अहलेबैत (अ) से बेपनाह अकीदत भी उनकी प्रमुख विशेषताएं थीं। विशेष रूप से हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) की मजलिसों से उनकी गहरी लगाव और अय्यामे अज़ा में उनकी सक्रिय भागीदारी उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू रही।
उन्होंने कहा कि आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी (र.) का निधन केवल उनके परिवार और परिजनों के लिए ही नहीं, बल्कि तमाम हौज़ा-ए-इल्मिया, विद्वानों, फ़ुज़ला और दुनिया भर में मक्तबे अहलेबैत (अ) से जुड़े लोगों के लिए भी एक बड़ा दुखद हादसा और अपूरणीय इल्मी क्षति है। उनके निधन से हौज़ा-ए-इल्मिया एक महान फ़क़ीह, शोधकर्ता और शिक्षक से वंचित हो गया है।
आपकी टिप्पणी